खबर प्रहरी, बाजपुर,। नगर को जाममुक्त बनाने के लिये सोमवार से प्रशासन ने अपना अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत् पुलिस प्रशासन ने ई रिक्शा को नगर में पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया, फड़ ठेले वालों को फुटपाथ से हटाकर फुटपाथ खाली करा दिया साथ ही सड़क पर खड़े होने वाले वाहन चालकों को सड़कों से हटाया। कोतवाल नरेश चौहान ने स्पष्ट किया कि जाममुक्त नगर बनाना हम सभी का पहला कर्तव्य होना चाहिये और इस मुहिम में सभी को साथ आना चाहिये।

कोतवाल नरेश चौहान ने नगर पालिका के ईओ मनोज दास को अपने साथ लिया सबसे पहले बेरिया रोड से जाममुक्त नगर अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत् बेरिया रोड पर फुटपाथ घेरकर खड़े होने वाले फल विक्रेताओं को उन्होंने हटवा दिया और नगर पालिका से कहकर सब्जी मंडी में उनके लिये जगह की व्यवस्था कराई। फल विक्रेताओं ने हल्का विरोध किया लेकिन प्रशासन ने एक नही सुनी। इसके बाद टीम ने रामराज रोड, मेन रोड पर खड़े वाहनों के चालान किये साथ ही सड़क किनारे खड़े फड़ ठेले वालों को भी हटवाया। कोतवाल नरेश चौहान ने कहा कि नगर को व्यवस्थित करने के लिये ये मुहिम जरूरी है और इस मुहिम में सभी लोगों को पुलिस का साथ देना चाहिये। उन्होंने कहा कि परिवर्तन जब भी होता है शुरू में लोगों को परेशानी होती है लेकिन बाद में वही परिवर्तन सभी को पसंद आता है। उन्होंने कहा कि कोई भी परेशान न हो किसी को बेवजह परेशान नहीं होने दिया जायेगा।

ई रिक्शा चालकों के साथ मीटिंग
इंसेट।
बाजपुर। भाजपा नेता राजेश कुमार के कहने पर कोतवाल नरेश चौहान ई रिक्शा चालकों के बीच पहंुचे। यहां पर राजेश ने ई रिक्शा चालकों के सामने आ रही समस्याओं को रखा तथा कोई बीच का रास्ता निकालने की मांग की। जिस पर कोतवाल ने कहा कि वह भी नहीं चाहते कि किसी को परेशान किया जाये लेकिन जिस तरह से बेवजह जाम लग रहा है ऐसे में इनके लिये नो एंट्री लागू रहेगी। उन्होंने कहा कि फिर भी ई रिक्शा चालक अपनी यूनियन बनाये और सभी रिक्शों का रजिस्ट्रेशन करायें तथा रिक्शों के दाहिने और जाली जरूर लगाये। उन्होंने कहा कि 6 दिनों तक वह देखेंगे कि उनकी बात पर कितना अमल किया जा रहा है और रामराज चौराहे पर जाम नहीं लग रहा है तो फिर उनकी यूनियन से बात कर उनको कुछ छूट देने का विचार किया जायेगा।

फड़ ठेले वालों को स्थाई स्थान देने की मांग,
इंसेट।
बाजपुर। उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि फड़ ठेले वालों को साथ लेकर एसडीएम कोर्ट पहंुचे। यहां पर उन्होंने एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। अनिल वाल्मीकि ने कहा कि बेरिया रोड पर फल विक्रेता लंबे समय से खड़े हैं। इनके होने से वहां किसी प्रकार का जाम नही लगता और वह सड़क से काफी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि पहली बात तो उन्हें वहां से हटाना ही नहीं चाहिये था लेकिन फिर भी अगर इनको हटाना ही है तो इनके लिये नगर पालिका स्थाई जगह सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जब तक इनके लिये जगह नहीं मिल जाती तब तक इन्हें न हटाया जाये। अनिल वाल्मीकि ने बताया कि मंगलवार को फड़ ठेले वालों को साथ लेकर तहसील परिसर में आंदोलन भी किया जायेगा।



